जिस वाड्रा-कांग्रेस ने किसानों की जमीनें हड़पीं, वो आज किसान हितैषी बने बैठे हैं: Dharmendra Pradhan

किसान कानूनों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा तो केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पलटवार किया है। उन्होंने इस पूरे विवाद में वाड्रा का नाम लेते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है। दरअसल, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को किसान आंदोलन के मुद्दे
 | 
जिस वाड्रा-कांग्रेस ने किसानों की जमीनें हड़पीं, वो आज किसान हितैषी बने बैठे हैं: Dharmendra Pradhan

किसान कानूनों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा तो केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पलटवार किया है। उन्होंने इस पूरे विवाद में वाड्रा का नाम लेते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है। दरअसल, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को किसान आंदोलन के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार पर अरबपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “नाम किसान कानून। लेकिन सारा फायदा अरबपति मित्रों का। किसान कानून बिना किसानों से बात किए कैसे बन सकते हैं? उनमें किसानों के हितों की अनदेखी कैसे की जा सकती है? सरकार को किसानों की बात सुननी होगी। आइए मिलकर किसानों के समर्थन में आवाज उठाएं।”

प्रियंका गांधी के इस आरोप पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पलटवार किया। उन्होंने जवाबी ट्वीट में कहा, “जिस वाड्रा-कांग्रेस ने कई राज्यों में हजारों किसानों की जमीनें हड़प ली, वह भी आज किसान हितैषियों का वेश धारण किए बैठे हैं। प्रियंका गांधी जी, आप बिल्कुल निश्चिंत रहिए। मोदी सरकार में न तो किसानों के साथ अन्याय होगा और ना ही किसानों की जमीन हड़पने वाले मुनाफाखोर बिचौलियों का बचाव।”

बता दें कि विभिन्न मांगों को लेकर पंजाब और हरियाणा के किसान दिल्ली सीमा पर आंदोलन कर रहे हैं। तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने, एमएसपी पर लिखित आश्वासन आदि मांगों को लेकर किसान आंदोलनरत हैं। केंद्र सरकार किसानों से बुराड़ी ग्राउंड में एकत्र होने पर बातचीत का ऑफर दे चुकी है, लेकिन किसान किसी शर्त को मानने को तैयार नहीं हैं। किसानों के मुद्दे पर पक्ष-विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो चला है।

न्यूज स्त्रोत आईएएनएस